गुजरात में पेट्रोल खत्म ? सच्चाई जानिए !
गुजरात सरकार और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
गुजरात में पेट्रोल-डीजल की किल्लत केवल अफवाह: गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने जनता से की खास अपील
पिछले कुछ घंटों से गुजरात के विभिन्न जिलों में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरें महज एक अफवाह हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि गुजरात में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की जनता से अपील
गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने इस मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा:
"मैं हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि सोशल मीडिया पर फैल रही गलत अफवाहों पर ध्यान न दें। राज्य सरकार हर दिन स्टॉक और सप्लाई की समीक्षा कर रही है। लोग पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही घबराएं।"
उन्होंने चेतावनी भी दी कि जो लोग इस तरह की झूठी खबरें फैलाकर समाज में डर पैदा कर रहे हैं या ईंधन की कालाबाजारी करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ प्रशासन सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने भी दी सफाई
ईंधन की किल्लत की खबरों के बीच पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद ठक्कर ने भी स्थिति साफ की है। उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक है और कंपनियों की ओर से बिक्री कम करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।
अहमदाबाद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शहर के 210 पेट्रोल पंपों में से केवल 2-3 पंपों पर ही तकनीकी या अन्य कारणों से स्टॉक खत्म हुआ हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं है कि पूरे शहर या राज्य में संकट है।
कई जिलों में दिखी भारी भीड़
हालांकि अफवाहों का असर हर जगह देखने मिल रहा है । पेट्रोल खत्म होने की अफवाह उड़ते ही पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कड़ी धूप के बावजूद लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए घंटों इंतजार करते देखे गए। प्रशासन ने ऐसी भीड़ न लगाने और सामान्य रूप से खरीदारी करने का सुझाव दिया है।
मुख्य बिंदु:
-
पर्याप्त स्टॉक: गुजरात के सभी शहरों में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त जथ्था उपलब्ध है।
-
सख्त कार्रवाई: अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों पर सरकार की पैनी नजर है।
-
अपील: नागरिक घबराकर (Panic Buying) पेट्रोल पंपों पर भीड़ न जुटाएं।
Matrimonial

BRG News 


