गुजरात में शुक्रवार को होगा मंत्रिमंडल विस्तार, अमित शाह कल पहुंचेंगे अहमदाबाद

गुजरात में राजनीतिक हलचल तेज़ — शुक्रवार को होगा मंत्रिमंडल विस्तार। अमित शाह और जेपी नड्डा कल अहमदाबाद पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल नई टीम के साथ करेंगे नई शुरुआत।

गुजरात में शुक्रवार को होगा मंत्रिमंडल विस्तार, अमित शाह कल पहुंचेंगे अहमदाबाद

गुजरात में राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। लंबे समय से चर्चाओं में चल रहा मंत्रिमंडल विस्तार अब लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, गुजरात का मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को होने की पूरी संभावना है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम अहमदाबाद पहुंचने वाले हैं। उनके आगमन के साथ ही नए मंत्रिमंडल की घोषणा के आसार और भी मजबूत हो गए हैं।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत, जो अपने गृह राज्य हरियाणा गए थे और आगे महाराष्ट्र जाने वाले थे, उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया है और अब वे कल दोपहर तक गुजरात लौट आएंगे। माना जा रहा है कि उनके लौटते ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उनसे मुलाकात कर सकते हैं और नए मंत्रियों की नियुक्ति को औपचारिक मंजूरी दी जा सकती है।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कल होने वाली कैबिनेट बैठक को अचानक रद्द कर दिया है। इससे संकेत मिल रहा है कि अब अगली कैबिनेट बैठक नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद ही आयोजित की जाएगी।

इस बीच, भाजपा के कई राष्ट्रीय नेता भी गुजरात आने वाले हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गुजरात दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज़ हो गई है। माना जा रहा है कि इन सभी नेताओं की उपस्थिति में ही नया मंत्रिमंडल शपथ लेगा।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह फेरबदल भाजपा के आगामी संगठनात्मक और चुनावी रणनीति से जुड़ा हो सकता है। पार्टी के भीतर युवा चेहरों को आगे लाने और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की जा सकती है।