जुलाई की शुरुआत के साथ ही हुए कई बड़े बदलाव !

पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए, कमर्शियल सिलेंडर हुआ सस्ता, लेकिन पासपोर्ट बनवाना अब थोड़ा महंगा हो गया है। साथ ही ट्रेन में सफर करते समय अब जरा संभलकर, क्योंकि नियमों में सख्ती हुई है।

जुलाई की शुरुआत के साथ ही हुए कई बड़े बदलाव !

1 जुलाई 2026 से देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। 

पेट्रोल और डीजल में राहत और नियमों में बदलाव निजी फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है, जिससे आम जनता को महंगाई से बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही, सरकार ने पेट्रोल पंपों से डीजल खरीदने पर लगी सभी अस्थायी पाबंदियां भी हटा दी हैं। अब डीजल की बिक्री पर लगी 200 लीटर प्रति वाहन की दैनिक सीमा खत्म हो गई है और कमर्शियल या औद्योगिक खरीदार भी अब बिना किसी रोक-टोक के पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीद सकेंगे।

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। इसमें औसतन 180 रुपये तक की कमी की गई है। इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को बड़ी राहत मिलेगी, जिससे बाहर का खाना या नाश्ता आने वाले दिनों में सस्ता हो सकता है। ध्यान रहे कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पासपोर्ट बनवाना हुआ महंगा विदेश यात्रा के लिए जरूरी पासपोर्ट बनवाना अब महंगा हो गया है। नई दरों के अनुसार, 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए अब 2,500 रुपये का शुल्क देना होगा, जो पहले 1,500 रुपये था। वहीं, तत्काल पासपोर्ट सेवा के लिए भी शुल्क 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है।

ट्रेन में सफर के नियम सख्त भारतीय रेलवे ने नियमों में सख्ती करते हुए बिना टिकट यात्रा करने पर दंड का प्रावधान बढ़ा दिया है। अब बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर दोगुना जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा, ट्रेनों में प्रतिबंधित सामान ले जाने पर भी जुर्माने की राशि बढ़ाकर 10,000 रुपये तक की जा सकती है।

इसके अतिरिक्त, आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा भी 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त उपलब्ध कराई गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 है, इसलिए समय सीमा का विशेष ध्यान रखें।